img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : श्रीशुकदेव आश्रम, शुकतीर्थ में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की खुलकर सराहना की।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि, "साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी थी। हालात ऐसे थे कि दिन के उजाले में भी लोग सड़कों पर निकलने से डरते थे। लूटपाट, भय और असुरक्षा का माहौल आम हो गया था। लेकिन योगी आदित्यनाथ ने सीएम बनने के बाद दृढ़ इच्छाशक्ति और कड़े फैसलों से प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया।"

उन्होंने यह बातें सोमवार को श्रीशुकदेव आश्रम में शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याण देव महाराज की 21वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा के दौरान कहीं। सभा में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए सैनी ने कहा, "मैंने खुद यूपी के गांवों का दौरा किया है और देखा है कि 2017 से पहले की स्थिति कितनी खराब थी। आज प्रदेश सुरक्षित है, महिलाएं आत्मविश्वास के साथ जीवन जी रही हैं।"

हरियाणा सीएम ने आगे कहा कि योगी सरकार ने न केवल कानून व्यवस्था को पटरी पर लाया, बल्कि शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा को भी सुव्यवस्थित और भव्य बनाया। साथ ही उन्होंने भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण को गौरव का क्षण बताया और इसके लिए योगी सरकार का धन्यवाद भी किया।

नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि जब से देश की कमान मोदी जी के हाथ में आई है, भारत तेजी से प्रगति कर रहा है। "वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो सपना प्रधानमंत्री ने देखा है, उसमें देश के 140 करोड़ लोगों की सहभागिता आवश्यक है।"

उन्होंने शिक्षा ऋषि स्वामी कल्याण देव के सपनों के भारत को साकार करने का आह्वान करते हुए कहा कि हमें एक ऐसा भारत बनाना है जहाँ शिक्षा, समानता और गरिमा हर नागरिक को मिले।