img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी शताब्दी समागम में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर एक अंतरराष्ट्रीय यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी। यह संस्था दुनिया भर में गुरु साहिब के संदेश—मानवाधिकार, समानता, आज़ादी और सेवा—को फैलाने का केंद्र बनेगी। साथ ही शिक्षा और रिसर्च के जरिए उनकी विरासत को नई पीढ़ियों तक पहुंचाया जाएगा।

सीएम मान ने यह भी कहा कि यह केवल घोषणा नहीं बल्कि जल्द ही इसके पूरे खाके और अगले कदम सार्वजनिक किए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने चरण गंगा स्टेडियम के पूर्ण कायाकल्प का भी ऐलान किया। यह स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और निहंग सिंहों के परंपरागत करतबों के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बाबा बलबीर सिंह से कहा कि स्टेडियम को उनकी जरूरतों के अनुसार तैयार करवाने की योजना बनाएं।

उन्होंने बताया कि शहर को स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त रखने के लिए जल्द ही ई-रिक्शा सेवा भी शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में गुरु साहिब के परिवार जैसी पीढ़ी-दर-पीढ़ी कुर्बानी का दूसरा उदाहरण नहीं मिलता।

कार्यक्रम के दौरान अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु साहिब ने इंसानियत, सच्चाई और सेवा का जो रास्ता दिखाया, उसी भावना के साथ पंजाब सरकार काम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के तीन ऐतिहासिक नगरों को पवित्र शहर का दर्जा देना एक दूरदर्शी कदम है और अब इनका सुनियोजित विकास होगा।

समारोह में पंजाब कैबिनेट के कई मंत्री, धार्मिक नेता और संत मौजूद रहे। सभी ने गुरु साहिब को नमन करते हुए उनकी महान शिक्षाओं को आगे ले जाने का संकल्प दोहराया।