Prabhat Vaibhav,Digital Desk : नगर निगम के प्रशासन ने काशीरामपुर तल्ला और गाड़ीघाट क्षेत्र में खोह नदी के किनारे सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनी झोपड़ियों पर जेसीबी चलाकर सख्त कार्रवाई की है। प्रशासनिक टीम ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ये अभियान पूरा किया, जिसका झोपड़ियों में रह रहे परिवारों ने पुरजोर विरोध किया। हालांकि पुलिस और प्रशासन की सख्ती के चलते विरोध ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में खोह नदी में आई बाढ़ के कारण कई आवास बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके बाद प्रशासन ने नदी के किनारे बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाया था और अवैध कब्जा हटवाकर भूमि खाली कराई गई थी। लेकिन कुछ स्थानीय निवासियों ने पुनः सरकारी भूमि पर झोपड़ियां बनाकर कब्जा जमा लिया था।
बीते सप्ताह प्रशासन ने स्पष्ट आदेश देते हुए स्टेडियम के किनारे एक निर्माणाधीन झोपड़ी को हटवा दिया था और अन्य परिवारों को भी जल्द से जल्द जमीन खाली करने की चेतावनी दी थी। आदेश की अनदेखी के बाद बुधवार को तहसीलदार साक्षी उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस, नगर निगम, और तहसील की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
परिवारों को अपना सामान हटाने के लिए आधे घंटे का समय दिया गया, जिसके बाद जेसीबी की मदद से लगभग पांच झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया गया। काशीरामपुर तल्ला के बाद गाड़ीघाट में भी इसी तरह की कार्रवाई हुई।
तहसीलदार साक्षी उपाध्याय ने कहा कि प्रशासन ने पहले ही परिवारों को पर्याप्त समय और चेतावनी दी थी, लेकिन उनकी ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया। भविष्य में भी सरकारी भूमि पर किसी तरह का कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा।



_1814916384_100x75.jpg)
