img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : ब्रिटिश राजघराने के इतिहास में आज का दिन सबसे काला अध्याय बनकर उभरा है। किंग चार्ल्स तृतीय के छोटे भाई, प्रिंस एंड्रयू को गुरुवार को ब्रिटिश स्पेशल पुलिस ने हाई-प्रोफाइल 'एपस्टीन मामले' में गिरफ्तार कर लिया है। पूर्वी इंग्लैंड के सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित वुड फार्म से हुई इस गिरफ्तारी ने न केवल बकिंघम पैलेस की नींव हिला दी है, बल्कि पूरी दुनिया को स्तब्ध कर दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने कुख्यात अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन को ब्रिटिश सरकार के 'अति संवेदनशील' गुप्त दस्तावेज मुहैया कराए थे।

सादे कपड़ों में पहुंचे 8 जांबाज अधिकारी: वुड फार्म से ऐसे हुई गिरफ्तारी

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को ब्रिटिश स्पेशल पुलिस के आठ अधिकारी बेहद गोपनीय तरीके से सादे कपड़ों में सैंड्रिंघम एस्टेट पहुंचे। शाही प्रोटोकॉल और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार के शोर-शराबे से बचा गया। एंड्रयू को वुड फार्म में हिरासत में लेकर तुरंत पूछताछ के लिए ले जाया गया। खुफिया एजेंसियां अब इस बात की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं कि प्रिंस ने एपस्टीन को जो दस्तावेज लीक किए, उनसे ब्रिटेन की राष्ट्रीय सुरक्षा को कितना बड़ा खतरा पैदा हुआ है।

शर्मनाक खुलासा: एपस्टीन को भेजी थीं अपनी ही बेटियों की तस्वीरें

अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा हाल ही में सार्वजनिक किए गए 'एपस्टीन फाइल्स' के ईमेल ने इस मामले में आग में घी डालने का काम किया है। चौंकाने वाले खुलासे के अनुसार, साल 2010 और 2011 के दौरान प्रिंस एंड्रयू ने अपनी बेटियों, राजकुमारी बीट्रिस और राजकुमारी यूजिनी की निजी तस्वीरें ईमेल के जरिए एपस्टीन को भेजी थीं। यह वह दौर था जब एंड्रयू सार्वजनिक मंचों पर यह दावा कर रहे थे कि उन्होंने एपस्टीन से अपना नाता तोड़ लिया है।

21 दिसंबर 2011: 'HRH द ड्यूक ऑफ यॉर्क' की आईडी से एक डिजिटल क्रिसमस कार्ड भेजा गया, जिसमें राजकुमारियों की बर्फ में खेलते हुए तस्वीर थी।

20 दिसंबर 2012: मोंट ब्लैंक की चढ़ाई और चैरिटी इवेंट की चार और तस्वीरें एपस्टीन को फॉरवर्ड की गईं।

ब्रिटिश अखबार 'द सन' के मुताबिक, उस समय यूजिनी केवल 21 और बीट्रिस 23 साल की थीं।

यौन शोषण के गंभीर आरोप और 'रॉयल लॉज' का राज

प्रिंस एंड्रयू की मुश्किलें सिर्फ दस्तावेज़ों तक सीमित नहीं हैं। एक पीड़िता के वकील ने बीबीसी को बताया कि जेफरी एपस्टीन ने अपनी शिकार महिलाओं को जबरन प्रिंस एंड्रयू के आधिकारिक निवास 'रॉयल लॉज' भेजा था ताकि एंड्रयू उनके साथ शारीरिक संबंध बना सकें। यह आरोप उस 'यौन सिंडिकेट' की ओर इशारा करता है जिसमें दुनिया के कई ताकतवर लोग शामिल थे।

राजकुमारी यूजिनी ने तोड़ा पिता से नाता: शाही परिवार में बिखराव

इन शर्मनाक खुलासों के बाद शाही परिवार के भीतर दरारें साफ दिखने लगी हैं। सूत्रों के अनुसार, अपनी ही तस्वीरों के एपस्टीन तक पहुँचने की बात जानकर राजकुमारी यूजिनी बुरी तरह टूट गई हैं। बताया जा रहा है कि इस महीने की शुरुआत में उन्होंने अपने पिता एंड्रयू से सभी व्यक्तिगत और औपचारिक रिश्ते पूरी तरह खत्म कर लिए हैं। किंग चार्ल्स के लिए भी यह स्थिति किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है, क्योंकि उन्हें अपने भाई और राजशाही की छवि के बीच चुनाव करना है।