img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : तपती गर्मियों में सड़क किनारे मिलने वाला बर्फ जैसा ठंडा और मीठा गन्ने का रस हर किसी की पहली पसंद होता है। लेकिन जब बात मधुमेह (Diabetes) के रोगियों की आती है, तो एक बड़ा सवाल खड़ा हो जाता है—क्या यह 'अमृत' उनके लिए 'जहर' तो नहीं? गन्ने का रस प्राकृतिक जरूर है, लेकिन इसमें मौजूद शुगर की मात्रा आपके ब्लड शुगर लेवल को पल भर में बिगाड़ सकती है। आइए जानते हैं क्या कहते हैं हेल्थ एक्सपर्ट्स और क्या है इसे पीने का सही तरीका।

एक गिलास जूस में 50 ग्राम चीनी: चौंकाने वाली रिपोर्ट

'फार्माकोग्नोसी रिव्यूज़' की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, गन्ने के रस में करीब 70 से 75% पानी होता है, लेकिन इसमें 13 से 15% सुक्रोज (चीनी) भी मौजूद होती है। आपको जानकर हैरानी होगी कि महज 240 मिलीलीटर के एक छोटे गिलास गन्ने के रस में लगभग 50 ग्राम चीनी होती है, जो करीब 10 चम्मच चीनी के बराबर है। यह चीनी शरीर में बहुत तेजी से अवशोषित होती है, जिससे इंसुलिन का स्तर अचानक बढ़ सकता है।

रस पीने से बेहतर है गन्ना चबाना, जानिए क्यों?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसी मधुमेह रोगी को गन्ने का स्वाद लेना ही है, तो रस पीने के बजाय गन्ना चबाना कहीं अधिक फायदेमंद है। इसका कारण यह है कि गन्ना चबाते समय उसमें मौजूद 10 से 15% फाइबर (रेशा) और प्रोटीन भी शरीर में जाते हैं। यह फाइबर रक्त में शर्करा के अवशोषण की गति को धीमा कर देता है, जिससे शुगर लेवल एकदम से नहीं भागता।

भूलकर भी न करें ये गलती: खाली पेट गन्ने का रस है खतरनाक

विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि चाहे आप स्वस्थ हों या मधुमेह के रोगी, कभी भी खाली पेट गन्ने के रस का सेवन न करें। खाली पेट मीठा जूस पीने से लिवर और पैनक्रियाज पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसके अलावा, शुगर के मरीजों को गन्ने का रस अपनी डाइट में शामिल करने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह अनिवार्य रूप से लेनी चाहिए, क्योंकि हर मरीज की स्थिति अलग होती है।

गन्ने के रस के सुरक्षित और ठंडे विकल्प

अगर आप शुगर के मरीज हैं और गर्मी से राहत पाना चाहते हैं, तो गन्ने के रस के इन 4 स्वास्थ्यवर्धक विकल्पों को चुन सकते हैं:

नारियल पानी: इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर और लो-कैलोरी।

बिना चीनी का नींबू पानी: ताजगी देने वाला और विटामिन-सी का स्रोत।

मसाला छाछ: पेट को ठंडा रखने वाला बेहतरीन प्रोबायोटिक।

ग्रीन टी (आइस): एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर और शुगर-फ्री।