img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : दिल्ली के लाल किले के सामने सोमवार शाम हुए बम धमाके ने पूरे देश को झकझोर दिया। इस हादसे में जान गंवाने वालों में हसनपुर के मंगरोला गांव निवासी अशोक कुमार भी शामिल थे। अशोक दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) में परिचालक के पद पर कार्यरत थे। देर रात जब परिजनों को उनकी मौत की खबर मिली, तो पूरे गांव में मातम छा गया।

अशोक कुमार किसान जगवंश सिंह के बेटे थे। परिवार में पत्नी सोनम, दो बेटियाँ अरोही और काव्या, और एक बेटा आरव है। तीन साल पहले ही अशोक की नियुक्ति डीटीसी में परिचालक के रूप में हुई थी। वे दिल्ली के संगम विहार के जगतपुर गांव में परिवार के साथ रहते थे। दीपावली पर वे अपने परिवार के साथ गांव आए थे और कुछ ही दिनों पहले वापस ड्यूटी पर लौटे थे।

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ दीप कुमार पंत और निरीक्षक अपराध अमरपाल मौके पर पहुंचे और परिजनों से बात की। परिजन और कुछ ग्रामीण दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। गांव मंगरोला में अशोक की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। लोग उनके घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।