Prabhat Vaibhav,Digital Desk : सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना जितना अनिवार्य है, उसकी स्वच्छता बनाए रखना आपकी 'हेयर हेल्थ' के लिए उतना ही जरूरी है। अक्सर बाइक या स्कूटर चलाने वाले लोग रोज हेलमेट तो पहनते हैं, लेकिन महीनों तक उसकी सफाई नहीं करते।
गंदे हेलमेट में जमा पसीना, धूल और सिर का तेल बैक्टीरिया और फंगस का घर बन जाते हैं। इससे न केवल सिर में खुजली और डैंड्रफ होता है, बल्कि यह हेयर फॉल (Hair Fall) की एक बड़ी वजह भी बन सकता है। अमर उजाला की इस रिपोर्ट में जानें कि कैसे आप अपने हेलमेट को नए जैसा और बैक्टीरिया-मुक्त रख सकते हैं।
स्टेप 1: अंदर की फोम पैडिंग को करें अलग
हेलमेट का सबसे गंदा हिस्सा उसकी अंदरूनी फोम पैडिंग होती है, क्योंकि यह सीधे आपके बालों और स्कैल्प के संपर्क में रहती है।
सफाई का तरीका: सबसे पहले सावधानी से पैडिंग निकाल लें।
बेबी शैम्पू का घोल: एक बाल्टी पानी में थोड़ा बेबी शैम्पू मिलाएं। बेबी शैम्पू माइल्ड होता है और फोम को खराब किए बिना पसीने व तेल को गहराई से साफ कर देता है। इसमें पैड्स को 3-4 घंटे के लिए भिगो दें।
स्टेप 2: सुखाने में न करें जल्दबाजी
पैडिंग को साफ पानी से धोने के बाद उन्हें ऐसी जगह सुखाएं जहां अच्छी हवा आती हो।
सावधानी: ध्यान रहे कि पैड्स पूरी तरह सूख जाने चाहिए। अगर इनमें थोड़ी भी नमी रह गई, तो इनमें बदबू आने लगेगी और फंगस पनपने का डर रहेगा।
स्टेप 3: वाइजर (ग्लास) की सफाई
हेलमेट के शीशे (वाइजर) पर स्क्रैच आने से विजिबिलिटी कम हो जाती है।
सही तरीका: वाइजर को निकालकर गुनगुने पानी और माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ करें। माइक्रोफाइबर कपड़ा दाग-धब्बों को आसानी से हटा देता है और ग्लास पर खरोंच भी नहीं आने देता। इसके बाद सूखे कपड़े से पोंछ लें।
स्टेप 4: बाहरी शेल को पानी में न डुबोएं
अक्सर लोग पूरे हेलमेट को ही पानी की बाल्टी में डाल देते हैं, जो कि गलत है।
नुकसान: हेलमेट के हार्ड शेल और अंदरूनी परतों के बीच पानी फंस सकता है, जिसे सुखाना नामुमकिन होता है। इससे बैक्टीरिया और दुर्गंध बढ़ जाती है।
उपाय: हेलमेट के बाहरी हिस्से को गीले कपड़े से पोंछकर साफ करें।
स्टेप 5: छोटे हिस्सों और स्क्रू पर दें ध्यान
हेलमेट के जोड़ों और स्क्रू वाली जगहों पर बारीक धूल जमा हो जाती है। एक पुराने टूथब्रश या बारीक कपड़े की मदद से इन कोनों को साफ करें। जब सभी हिस्से पूरी तरह सूख जाएं, तब उन्हें वापस असेंबल (जोड़) दें।
हेयर फॉल रोकने के एक्स्ट्रा टिप्स
कॉटन कैप या रुमाल: हेलमेट पहनने से पहले सिर पर एक सूती रुमाल या 'हेलमेट कैप' पहनें। यह पसीने को सोख लेता है और बालों को सीधे घर्षण से बचाता है।
धूप में सुखाएं: हफ्ते में एक बार हेलमेट को थोड़ी देर धूप में जरूर रखें, ताकि प्राकृतिक रूप से बैक्टीरिया खत्म हो सकें।




