Prabhat Vaibhav,Digital Desk : पंजाब सरकार ने राज्य में तेज ठंड, घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए सभी सरकारी, एडेड, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूलों में 7 जनवरी 2026 तक छुट्टियां बढ़ा दी हैं। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बुधवार को बताया कि यह कदम मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि बच्चों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी गई है। सभी स्कूल 8 जनवरी 2026 से सामान्य समय पर खुलेंगे। पहले स्कूल 1 जनवरी को खुलने वाले थे, लेकिन मौसम की मार ने इसे आगे टाल दिया।
राज्य के अधिकांश मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। दृश्यता कई जगह 50 मीटर से भी कम रह गई है। मौसम विभाग ने 1 से 6 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फीली हवाओं की चेतावनी भी जारी की है।
शिक्षक यूनियनों की मांग
बीते दिनों शिक्षक यूनियनों ने भी छुट्टियों में बढ़ोतरी या समय बदलने की मांग की थी। लुधियाना में शिक्षकों ने सुझाव दिया था कि प्राइमरी कक्षाओं के लिए स्कूल सुबह 10 बजे से शुरू किया जाए। यह कदम दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों के उदाहरण के अनुरूप है, जहां भी ठंड के कारण छुट्टियां बढ़ाई गई हैं।
हरियाणा में स्कूल 15 जनवरी तक बंद
हरियाणा सरकार ने भी ठंड के चलते स्कूलों में अवकाश बढ़ाया है। नए आदेश के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल 1 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे। इस दौरान बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष ध्यान रखा जाएगा। स्कूल 16 जनवरी 2026 से नियमित समय पर फिर से खुलेंगे।




