
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : देश के कई हिस्सों में मानसून कहर बरपा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज (5 जुलाई) दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तराखंड, बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। बारिश से तापमान में गिरावट आई है, लेकिन कई जगहों पर जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज (5 जुलाई) छिटपुट बारिश हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री तक रहने की संभावना है। राजस्थान, गुजरात और उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बागेश्वर में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई सड़कें बंद हो गई हैं। केदारनाथ यात्रा को भी फिलहाल रोक दिया गया है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में हल्की से मध्यम बारिश
उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में हल्की बारिश का अनुमान है, जबकि पश्चिमी जिलों में नमी का स्तर बना रहेगा। बिहार के कई शहरों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।
राजस्थान में लगातार मूसलाधार बारिश
राजस्थान के कोटा, अजमेर और पोखरण में 128 मिमी तक बारिश हुई है। कई बांधों के गेट खोलने पड़े हैं। जोधपुर और अजमेर में सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में भी मानसून सक्रिय है। वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में बादल छाए रहेंगे, कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि निचले इलाकों में बाढ़ आने की संभावना है। इसके अलावा कर्नाटक और केरल की बात करें तो यहां भी मानसून पूरे जोरों पर है, कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।