Prabhat Vaibhav, Digital Desk : आयुर्वेद में मुनक्का (बड़ा किशमिश) को औषधीय गुणों का भंडार माना गया है। पॉलीफेनॉल, एंटीऑक्सीडेंट, फाइबर और पोटैशियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर मुनक्का न केवल स्वाद में लाजवाब है, बल्कि गंभीर बीमारियों से लड़ने में भी शरीर की मदद करता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सूखे अंगूर यानी मुनक्के का नियमित सेवन कैंसर, अल्जाइमर और हृदय रोगों के जोखिम को कम करने में प्रभावी साबित हो सकता है।
दोहरी ऋतु में संक्रमण से सुरक्षा
आजकल मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। उमस और बदलती ऋतु के कारण हवा में बैक्टीरिया और फंगस तेजी से पनपते हैं, जिससे गले में संक्रमण, खांसी और जुकाम के मामले बढ़ जाते हैं। ऐसे में मुनक्का एक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। इसमें मौजूद एंटी-बैक्टीरियल गुण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (Immunity) को बढ़ाकर संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं।
पेट की समस्याओं के लिए रामबाण
यदि आप गैस, कब्ज, अपच या पेट फूलने जैसी समस्याओं से परेशान हैं, तो मुनक्का आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें प्रचुर मात्रा में फाइबर होता है, जो आंतों की सफाई करता है और पाचन तंत्र को सुचारू बनाता है। यह शरीर के मेटाबॉलिज्म को भी बूस्ट करता है, जिससे वजन नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।
मुनक्का सेवन के जबरदस्त फायदे
हड्डियों की मजबूती: मुनक्का कैल्शियम और बोरॉन का अच्छा स्रोत है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है और उम्र के साथ होने वाली बीमारियों से बचाता है।
हृदय और कैंसर से बचाव: इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की कोशिकाओं को डैमेज होने से बचाते हैं, जिससे कैंसर और हार्ट अटैक जैसी बीमारियों का खतरा कम होता है।
पुरुषों और महिलाओं के लिए समान उपयोगी: दूध के साथ मुनक्के का सेवन शारीरिक कमजोरी को दूर करता है और ऊर्जा के स्तर को बढ़ाता है।
कैसे करें सेवन? जानें सही तरीका
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने मुनक्के के लाभ उठाने के दो सबसे प्रभावी तरीके बताए हैं:
पानी में भिगोकर: मुनक्के को रातभर पानी में भिगो दें और सुबह खाली पेट इसका सेवन करें। भिगोकर खाने से इसकी तासीर ठंडी हो जाती है और इसके पोषक तत्व शरीर आसानी से अवशोषित कर लेता है।
दूध के साथ: मुनक्के को दूध में उबालकर पीना स्वास्थ्य के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। यह रात में अच्छी नींद लाने के साथ-साथ शरीर की थकान दूर करने और गले के संक्रमण को ठीक करने में मदद करता है।




