img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी ने बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम (RTPS Act) के क्रियान्वयन की अप्रैल माह की नई जिलावार रैंकिंग जारी कर दी है। प्रदर्शन और कार्य उपलब्धियों के आधार पर तैयार की गई इस रिपोर्ट में कई जिलों ने सुधार दिखाया है, वहीं कुछ जिलों का प्रदर्शन चिंताजनक रहा है।

बक्सर बना टॉप जिला, पटना हुआ पिछड़ा

जारी रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल माह में पटना प्रमंडल का बक्सर जिला फिर से शीर्ष पर रहा है। बक्सर ने 89.995 प्रतिशत अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं, राजधानी पटना जिले को बड़ा झटका लगा है, जो एक पायदान नीचे गिरकर 13वें स्थान पर पहुंच गया। मार्च में पटना को 89.728 अंक मिले थे, लेकिन अप्रैल में यह घटकर 89.712 अंक रह गया।

गया की स्थिति में सुधार, अरवल सबसे नीचे

मार्च माह में सबसे नीचे रहे गया जिले ने अप्रैल में प्रदर्शन में कुछ सुधार किया है, जबकि अरवल जिला अब सूची में सबसे नीचे पहुँच गया है। अरवल ने मात्र 80.681 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा सारण, गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण जैसे जिलों की स्थिति भी खराब रही है।

प्रशासन ने लापरवाही पर दी कड़ी चेतावनी

पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने हाल ही में सभी अधिकारियों को RTPS और लोक शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने का स्पष्ट निर्देश दिया था। उन्होंने कहा था कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन ने पहले से ही सौ से अधिक लोक प्राधिकारों पर जुर्माना लगाया है और जुर्माना जमा होने तक उनके वेतन भुगतान पर रोक लगाई गई है।

अप्रैल के शीर्ष दस जिले:

बक्सर (89.995%)

बांका (89.985%)

भागलपुर (89.983%)

जहानाबाद (89.967%)

सुपौल (89.947%)

शिवहर (89.897%)

गोपालगंज (89.881%)

खगड़िया (89.857%)

नालंदा (89.743%)

जमुई (89.731%)

अप्रैल में निचले दस जिले:

अरवल (80.681%)

सारण (80.935%)

गया (81.508%)

पूर्वी चंपारण (81.732%)

पश्चिमी चंपारण (81.775%)

शेखपुरा (82.254%)

दरभंगा (82.266%)

मधुबनी (83.621%)

किशनगंज (83.680%)

बेगूसराय (86.129%)

पटना प्रमंडल के जिलों की स्थिति:

बक्सर (1)

नालंदा (9)

रोहतास (12)

पटना (13)

कैमूर (21)

भोजपुर (25)