
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : लिंक एक्सप्रेसवे पर फ्री में दौड़ रही बाइक, ऑटो और बड़े वाहन जल्द ही टोल टैक्स के दायरे में आ जाएंगे। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने बुधवार शाम इस एक्सप्रेसवे पर टोल दरें तय कर दी हैं। अब सभी वाहन चालकों को अपने वाहन के अनुसार टोल चुकाना होगा।
नई टोल व्यवस्था को जल्द ही टोल प्लाजा और बूथों में लागू किया जाएगा। इसके लिए सभी दरें टोल सिस्टम में फीड की जा रही हैं। खास बात यह है कि अब बाइक, ऑटो और ट्रैक्टर जैसे हल्के वाहनों को भी टोल देना होगा। फिलहाल इन वाहनों के पास फास्टैग की सुविधा नहीं है, ऐसे में इनसे नकद टोल वसूला जाएगा।
वाहन चालकों की सुविधा को देखते हुए मासिक पास की भी व्यवस्था की गई है। इस पास के जरिए एक महीने में अधिकतम 20 बार यात्रा की जा सकेगी। गुरुवार से टोल टैक्स की जानकारी देने वाले बोर्डों पर भी नई दरें लिखी जानी शुरू हो जाएंगी।
टोल दरें दो बूथों के बीच की दूरी और एक्सप्रेसवे की आधारभूत संरचना को ध्यान में रखते हुए तय की गई हैं। इसका सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो रोजाना इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं।