
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : दिल्ली कैपिटल्स (DC) के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से एक विशेष अनुरोध किया है। मुंबई में खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी ('येलो अलर्ट') के चलते उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच महत्वपूर्ण मैच को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम से किसी अन्य स्थल पर स्थानांतरित करने का आग्रह किया है।
पार्थ जिंदल ने अपने पत्र में BCCI को याद दिलाया कि कैसे इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के मैच को बेंगलुरु से खराब मौसम के कारण लखनऊ शिफ्ट किया गया था। उन्होंने कहा, "मुंबई में भारी बारिश की संभावना है, जो मैच को प्रभावित कर सकती है। इसलिए जैसे RCB और SRH का मैच शिफ्ट किया गया था, उसी प्रकार इस मैच को भी स्थानांतरित किया जाना चाहिए, क्योंकि मुंबई में खराब मौसम की चेतावनी छह दिन पहले से जारी है।"
मैच की अहमियत
दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मैच प्लेऑफ में जगह बनाने के लिहाज से बेहद अहम है। DC के पास वर्तमान में 13 अंक हैं, और अगर वे अपने दोनों शेष मैच जीत जाते हैं, तो प्लेऑफ में चौथी टीम के रूप में प्रवेश कर सकते हैं। लेकिन यदि यह मैच बारिश की वजह से रद्द होता है, तो उनके लिए स्थिति गंभीर हो सकती है।
अगर यह मुकाबला बारिश के चलते नहीं हो पाता है, तो मुंबई इंडियंस के अंक बढ़कर 15 हो जाएंगे और दिल्ली कैपिटल्स 14 अंक पर रह जाएगी। ऐसे में मुंबई इंडियंस अपने अगले मैच में पंजाब किंग्स को हराकर सीधे प्लेऑफ में पहुंच सकती है, जिससे दिल्ली कैपिटल्स के प्लेऑफ की संभावना खत्म हो जाएगी।
BCCI के जवाब का इंतजार
फिलहाल, BCCI की तरफ से इस अनुरोध पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। क्रिकेट प्रेमी और दोनों टीमों के समर्थक बोर्ड के फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।