
Prabhat Vaibhav,Digital Desk : जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को तेजस्वी यादव पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव झूठ की राजनीति के प्रतीक बन चुके हैं। उनकी पूरी रणनीति झूठ और भ्रम फैलाने पर आधारित है, ताकि वे 2025 के विधानसभा चुनाव में जनता को गुमराह कर सकें।
कुशवाहा ने कहा कि बिहार की जनता अब जागरूक हो चुकी है और ऐसे भ्रामक इरादों को कामयाब नहीं होने देगी। उन्होंने सवाल उठाया कि या तो तेजस्वी यादव को जमीनी सच्चाई की जानकारी नहीं है, या फिर वे जानबूझकर सच से मुंह मोड़ रहे हैं।
जदयू नेता ने बिहार की बीते दो दशकों की प्रगति को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कानून-व्यवस्था, रोजगार, उद्योग और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में राज्य ने ऐतिहासिक उन्नति की है। ये बदलाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व में संभव हो पाए हैं।
कुशवाहा ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव अपने माता-पिता लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के 15 वर्षों के शासनकाल की असलियत से लोगों का ध्यान हटाना चाहते हैं। इसलिए वे बार-बार भटकाव वाले बयान दे रहे हैं। लेकिन जनता अब 'जंगलराज' की सच्चाई को भूली नहीं है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितनी भी चालें चले, बिहार की बदली हुई तस्वीर और विकास की सच्चाई को नकारा नहीं जा सकता।