img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : पटना में सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे दिव्यांगजन, उनके एक ऐतिहासिक फैसले पर आभार जताने आए थे। मुख्यमंत्री निवास 1 अणे मार्ग में जैसे ही वे पहुंचे, उन्होंने मुख्यमंत्री को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।

यह भावनात्मक मुलाकात मुख्यमंत्री के उस फैसले के बाद हुई जिसमें उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन को ढाई गुना से अधिक बढ़ाकर ₹1100 प्रति माह कर दिया। पहले यह राशि ₹400 थी। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों से बातचीत करते हुए कहा, "आप सभी का अभिनंदन करता हूं। हम बिहार में सभी वर्गों के उत्थान के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। आपकी हर जरूरत को पूरा किया जाएगा।"

मुख्यमंत्री के इस फैसले को लेकर दिव्यांगजन बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उनके आत्मसम्मान को नया जीवन देने वाला निर्णय है। उन्होंने इसे "क्रांतिकारी कदम" बताया और मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे भी लगाए।

इस ऐतिहासिक फैसले से राज्य के 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को सीधा फायदा मिलेगा। इसमें वृद्धजन, दिव्यांग और विधवा महिलाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, उत्पाद मंत्री रत्नेश सादा, विधायक गुंजेश्वर साह, विधान पार्षद ललन सर्राफ, संजय सिंह (गांधी जी), पूर्व सांसद अनिल हेगड़े, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार व अन्य गणमान्य व्यक्ति और दिव्यांग प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।