वृहद वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा बैठक : हर खेत पर मेड़, हर मेड़ पर पेड़

img

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में वर्षा ऋतू में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित विभाग के आला अधिकारियों को वृक्षारोपण अभियान को वृहद स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। गुरूवार को वन विभाग मुख्यालय स्थित पारिजात कक्ष में विभिन्न विभागों के मंत्रियों ने अभियान  की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्रियों ने विभागीय अधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण व संवर्द्धन हेतु लोगों को वृक्षारोपण अभियान में सहयोग करने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार इस वर्ष वर्षाकाल में प्रदेश के 26 शासकीय विभागों तथा जन सामान्य के सहयोग से वन भूमि, सामुदायिक भूमि व अन्य राजकीय भूमि, कृषि एवं निजी भूमि पर वृहद स्तर पर रोपण अभियान की योजना बनाई गयी है। वृक्षारोपण अभियान के तहत प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इसमें पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का लक्ष्य 14 करोड़ तथा अन्य 25 विभागों का लक्ष्य 21 करोड़ है।

इस अवसर पर कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि रोपित पौधों की जीवितता का सतत अनुश्रवण किया जाये तथा जनसामान्य विशेषकर कृषकों के मध्य पौधारोपण से कार्बन अवशोषण तथा कार्बन क्रेडिट अर्जन से आय में वृद्धि का वृहद स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाये। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को जलवायु परिवर्तन के दुषपरिणामों से बचाने तथा देश की खुशहाली के लिए वर्तमान में अधिक से अधिक पौधरोपण करना होगा।

इसी तरह सूक्ष्म, जल, लघु एवं मध्यम, उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग एवं रेशम उद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि रोपित पौधों का स्वामित्व सम्बन्धित व्यक्ति द्वारा लिया जाये, जिससे कि भावनात्मक सम्बन्ध स्थापित हो। पंचायती राज मंत्री श्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अभियान की सफलता हेतु अधिक से अधिक ध्यान रोपित पौधों की सुरक्षा व्यवस्था व सिंचाई आदि पर दी जाये।

इसी तरह पर्यावरण, वन, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 अरूण कुमार सक्सेना ने कहा कि प्रदेश में कृषि वानिकी को प्राथमिकता दी जाए और 'हर खेत पर मेड़, हर मेड़ पर पेड़‘ का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाये। उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पौधरोपण अभियान के दौरान सड़क किनारे की खाली जगहों, सार्वजनिक स्थलों, स्मारकों, ऐतिहासिक स्थलों के आसपास ज्यादा से ज्यादा औषधीय, फलदार एवं छायादार प्रजाति के पौधों का रोपण किया जाये तथा रोपित पौधों को ट्री गार्ड द्वारा संरक्षित भी किया जाये।

समीक्षा बैठक में कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह ओलख ने कहा कि वृक्षारोपण अभियानमें रोप गये पौधों का हर हाल में संरक्षण किया जाय। इसी तरह कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अभियान की सफलता हेतु विभिन्न क्रियाकलापों का समुचित नियोजन के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव, पर्यावरण, वन, जलवायु परिवर्तन विभाग मनोज सिंह, प्रमुख सचिव परिवहन, वेंकटेश्वर लू, मुख्य वन संरक्षक सुधीर कुमार शर्मा, मुख्य वन संरक्षक, वन्य जीव संजय श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, अनुश्रवण एवं कार्य योजना सुनील चौधरी, सूक्ष्म जल, लघु - मध्यम, उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग एवं रेशम उद्योग, पंचायती राज विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, कृषि शिक्षा तथा कृषि निर्यात विभाग के अधिकारियों ने ऑनलाइन/ऑफलाइन प्रतिभाग किया।
 

Related News