img

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज टपकेश्वर महादेव नगर भ्रमण पर निकलेंगे। इस शोभायात्रा में 10 साल बाद हेलीकॉप्टर से फूलों से बारिश की जाएगी। शोभायात्रा को और अधिक भव्य बनाने के लिए पहली बार भगवान शिव के 11 रुद्र रूपों की झांकियां निकाली जाएंगी। इस यात्रा में मथुरा, वृंदावन, उज्जैन आदि के कलाकार प्रस्तुति देंगे। सहारनपुर रोड स्थित शिवाजी धर्मशाला से निकलने वाली शोभायात्रा पलटन बाजार स्थित जंगम शिवालय से होते हुए शहर के कई मार्गों से होते हुए गढ़ी कैंट स्थित प्राचीन मंदिर टपकेश्वर महादेव में संपन्न होगी।

Tapkeshwar Temple Procession

शोभायात्रा को लेकर महंत कृष्णा गिरी महाराज ने बताया कि यात्रा की सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। विधि विधान से पूजा अर्चना कर तय समय से नौ अगस्त को सुबह शोभायात्रा निकाली जाएगी। दिगंबर रवि गिरी, सेवादल के सदस्य मनमोहन जयसवाल व डीके शर्मा का कहना है कि 10 साल बाद हेलीकॉप्टर से तीन जगह सहारनपुर चौक, घंटाघर और गढ़ी चौक में शोभायात्रा पर फूल बरसायेंगे।। इससे पहले साल 2011 में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई थी।

शोभायात्रा में इंटरनेशनल सुयोगब बैंड नागपुर, पंजाब बैंड, सहारनपुर, अल्पाफ बैंड अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे। उधर, दिगंबर भरत गिरी महाराज का कहना है कि 21वीं शोभा यात्रा को और अधिक भव्य बनाने के लिए महाकाल उज्जैन की भस्म आरती में डमरु-मृदंग बजाने वाली पार्टी और महाराष्ट्र की ढोल पार्टी की धुन पर भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। सेवादल के पदाधिकारियों का कहना है कि शोभायात्रा के दौरान शहर भर में लगभग 200-300 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सेवादल की विभिन्न टीमें तैनात रहेंगी।