![img](https://prabhatvaibhav.com/wp-content/uploads/2022/01/1640087760745.jpeg)
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में इन दिनों ब्राह्मणों को लेकर सियासत जोरों पर है। हर पार्टी ब्राह्मणों को अपने पाले में लाने की कोशिश में जुटी है। बसपा ने ब्राह्मण सम्मेलन किये। बीजेपी ने भी सम्मेलन किये लेकिन अब सपा ने भगवान परशुराम की मूर्ति का अनावरण करके बड़ा संदेश देने की कोशिश की है।
यूपी चुनाव से पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ब्राह्मण कार्ड खेला है। यूपी में ब्राह्मण वोटबैंक को लेकर जो सियासत चल रही है उसमें अखिलेश यादव ने अभी से बड़ा दांव चल दिया है। अखिलेश यादव की भगवान परशुराम की भक्ति 2022 के लिए बड़ा संकेत है और यूपी में प्रबुद्ध वर्ग को अपने पाले में लाने की कोशिश भी है।
भगवान परशुराम की पूजा करके अखिलेश यादव ने प्रबुद्ध वर्ग के बीच में अपनी पैठ बनाने की कोशिश की है। भगवान परशुराम से अखिलेश यादव ने 2022 के लिए आशीर्वाद मांगा है।
लखनऊ के गोसाईंगंज में महुराकला में भगवान परशुराम का भव्य मंदिर बना है। सपा नेता संतोष पांडेय ने इस मंदिर का निर्माण करवाया है। इस प्रतिमा के पास में ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे है। भगवान परशुराम की मूर्ति का अनावरण करके अखिलेश यादव ने लखनऊ से पूरे यूपी के ब्राह्मणों को साधने की कोशिश की है।
बता दें, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बहुत पहले ही राजधानी लखनऊ में भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा लगवाने का ऐलान किया था…अखिलेश यादव ने ब्राह्मण वर्ग से जो वादा किया था उसको पूरा कर दिया है। अखिलेश यादव को उम्मीद है कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रबुद्ध वर्ग भी सपा के साथ जुड़ेगा।