Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को दी बकरीद की बधाई

img

देहरादून।। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को विशेष तौर पर राज्य के मुस्लिम नागरिकों को ईद-उल-जुहा की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को शांति, आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है। त्योहार को लेकर पुलिस-प्रशासन भी सुरक्षा को लेकर चौकस है। ईद-उल-जूहा पर्व को देखते हुए सभी जनपद प्रभारी सुपर अलर्ट मोड पर है।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने जारी अपने संदेश में कहा कि ‘ईद-उल-जुहा’ का त्योहार आपसी सद्भाव की भावना से ओत-प्रोत है और हमें एक शांतिपूर्ण एवं समृद्ध समाज बनाने के लिए प्रेरित करता है। इस मौके पर समाज में भाईचारे और सद्भाव की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लें। ‘ईद-उल-जुहा’ पर्व पर सभी के जीवन में सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जारी संदेह में कहा कि खुशियों का यह त्योहार त्याग, बलिदान और आपसी विश्वास का संदेश देता है तथा मानवता और भाईचारे को सुदृढ़ बनाने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने त्योहार शांति, आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है।

अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार को पत्र लिखकर ईद-उल-जुहा के पर्व के अवसर पर साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शान्ति/कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये हैं। सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों जैसे फेसबुक, इन्टाग्राम, ट्विटर एवं व्हाट्सअप आदि पर सतर्क दृष्टि रखी जाने को कहा है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने परिक्षेत्र एवं जनपद प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ईद-उल-जूहा (बकरीद) पर्व पर पुलिस व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों के सम्बन्ध में बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

डीजीपी ने उच्च न्यायालय के निर्देशों का अनुपालन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सामूहिक कुर्बानी स्लॉटर हाउस में और पूर्व निर्धारित स्थानों पर हों। नमाज ईदगाहों या अन्य निर्धारित स्थानों पर ही अता की जाए। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखें और संवेदनशील स्थानों का दौरा करें। शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए सभी जनपदों में थानाध्यक्ष, सीओ, एसडीएम, एसएसपी एवं जिलाधिकारी स्तर पर शांति समिति की गोष्ठी करा ली जाए। 

त्योहार रजिस्टर का अध्ययन कर बीते वर्षों के सभी विवाद व मुकदमों की वर्तमान स्थिति को देखा जाए और उनकाउचित समाधान कराया जाए। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर कड़ी नजर रखने के साथ ही फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई करने को कहा है।

Related News