यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव सोमवार को मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए सैफई में वोट डालेंगे।
मैनपुरी लोकसभा सीट अखिलेश के पिता और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के 10 अक्टूबर को निधन के बाद खाली हुई थी। मुलायम की बहू और पूर्व सांसद अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव मैनपुरी से पार्टी की प्रत्याशी हैं।
मैनपुरी से बीजेपी के रघुराज सिंह शाक्य चुनाव लड़ रहे हैं। BJP और समाजवादी पार्टी ने एक-दूसरे पर निशाना साधने के लिए जोरदार अभियान चलाया है। इस सीट का प्रतिनिधित्व मुलायम सिंह यादव ने 1996 से पांच बार किया है जबकि सपा के अन्य प्रत्याशियों ने इसे कई बार जीता है।
हालांकि, बीते लोकसभा इलेक्शन में मुलायम की जीत का अंतर काफी कम रहा था। तभी से माना जा रहा था कि मुलायम के बाद सपा के लिए मैनपुरी की राह आसान नहीं होगी। वोटों की गिनती 8 दिसंबर को गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजों के साथ होगी।
रविवार को एक अधिकारी के अनुसार, प्रशासन ने सुरक्षा बलों की भारी तैनाती के साथ सुरक्षा बढ़ा दी है। जिले में 1,756 मतदान केंद्रों के साथ पूरी मैनपुरी को 28 जोन और 163 सेक्टरों में बांटा गया है।




