Prabhat Vaibhav,Digital Desk : दरभंगा जिले की सड़क कनेक्टिविटी को नई दिशा देने को लेकर लोकसभा में अहम चर्चा देखने को मिली। भाजपा सांसद और लोकसभा में पार्टी के सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे सहित जिले की कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का मुद्दा सदन में मजबूती से उठाया। उन्होंने निर्माणाधीन योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बड़े फैसलों की मांग की।
एक्सप्रेस-वे की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी
सांसद डॉ. ठाकुर ने आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण में हो रही देरी पर असंतोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि साढ़े बारह हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह प्रोजेक्ट उत्तर बिहार के विकास की रीढ़ साबित हो सकता है, लेकिन काम की गति अपेक्षा से धीमी है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इस एक्सप्रेस-वे को नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा तक विस्तारित किया जाए, ताकि सीमावर्ती इलाकों को भी सीधा लाभ मिल सके।
एनएच परियोजनाओं में तेजी लाने की मांग
लोकसभा में चर्चा के दौरान सांसद ने राष्ट्रीय उच्च पथ-27ई पर दिल्ली मोड़ से आगे करीब 15 किलोमीटर के अधूरे हिस्से का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस हिस्से का निर्माण जल्द पूरा होना जरूरी है, क्योंकि इससे दरभंगा शहर का ट्रैफिक दबाव कम होगा और आवागमन सुगम बनेगा।
कर्पूरी चौक से एकमी तक नए कॉरिडोर पर जोर
डॉ. ठाकुर ने आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे से कर्पूरी चौक और कर्पूरी चौक से एकमी तक प्रस्तावित कॉरिडोर के निर्माण को शीघ्र शुरू करने की मांग की। करीब 1868.87 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस कॉरिडोर को उन्होंने जिले के लिए बेहद अहम बताया।
दिसंबर 2026 तक पूरा होगा आमस-दरभंगा रोड प्रोजेक्ट
चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री की ओर से जानकारी दी गई कि 189 किलोमीटर लंबी आमस-दरभंगा सड़क का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पर करीब साढ़े बारह सौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। दरभंगा जिले में लगभग 43 किलोमीटर हिस्से में निर्माण कार्य को तेज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दिल्ली मोड़–जयनगर सड़क को मिली हरी झंडी
दिल्ली मोड़ से जयनगर तक बचे करीब 15 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिल चुकी है। इस परियोजना की डीपीआर भी तैयार कर ली गई है, जिससे जल्द काम शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
दरभंगा के चारों ओर रिंग रोड की उठी मांग
सांसद डॉ. ठाकुर ने दरभंगा शहर के चारों ओर रिंग रोड निर्माण की संभावनाओं पर भी जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने पटना–पूर्णिया एक्सप्रेस-वे से आमस-दरभंगा को जोड़ने, भारतमाला परियोजना के तहत नए लिंक रोड, गोरखपुर–सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे से दरभंगा की कनेक्टिविटी, दोनार-दरभंगा से कुशेश्वरस्थान सड़क को फोरलेन बनाने और लहेरियासराय–समस्तीपुर मुसरीघरारी सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग भी रखी। सांसद ने कहा कि इन योजनाओं से दरभंगा और आसपास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।




