
Prabhat Vaibhav, Digital Desk: उत्तर प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी जिलों में लू से फिलहाल कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। सोमवार को जहां 24 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा था, वहीं मंगलवार को यह संख्या बढ़कर 30 जिलों तक जा पहुंची। चित्रकूट, बांदा, झांसी समेत 17 जिलों में अगले 24 घंटे तक लू का असर बने रहने की संभावना है।
राजधानी लखनऊ में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। लगातार तीसरे दिन पारा चढ़ा और मंगलवार को यह 42.7 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में इन दिनों मौसम शुष्क हो गया है, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है। खासतौर पर पश्चिमी यूपी के दक्षिणी हिस्सों में गर्म पछुआ हवाओं का असर अधिक देखने को मिल रहा है।
झांसी मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हमीरपुर, बांदा और कानपुर देहात जैसे इलाकों में भी लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जहां तापमान 44 से 45 डिग्री के बीच बना हुआ है।
डॉ. सिंह ने बताया कि आने वाले 24 घंटों में भी मौसम सूखा बना रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 जून तक लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, अधिकांश हिस्सों में उमस भी परेशान करेगी क्योंकि तापमान और नमी दोनों सामान्य से ज्यादा रहेंगे। हालांकि, 11 जून के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना जताई जा रही है, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।