
देहरादून। बीते तीन मई से शुरू हुई चार धाम यात्रा पर मौसम की मार लगातार पड़ रही हैं जिससे श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बीते दिन भी दोपहर 12 बजे के बाद एक बार फिर बारिश होने की वजह से केदारनाथ में पैदल मार्ग पर हज़ारों यात्रियों की भीड़ फंसी हुई दिखाई दी। मार्ग में पैदल और खच्चर आदि से यात्रा कर रहे श्रद्धालु फंसे रहे। वहीं, यमुनोत्री के मार्ग में भी भूस्खलन की वजह से घंटों हाईवे बंद रहा। ये वहीं हाईवे है जो हाल ही में तीन चार दिन बाद खुला था। अब एक बार फिर बंद हो गया जिससे यात्री फंस गए।
पिछले चार दिनों से लगातार बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा को बार-बार रोकने और खोलने का सिलसिला जारी है। गत दिवस यानी 25 मई की दोपहर जो तस्वीर सामने आई है उसके मुताबिक 5000 से 7000 यात्रियों की भीड़ यात्रा मार्ग में फंसी हुई दिख रही है। यह भी अंदेशा है कि एक दिन में 13000 यात्रियों को धाम के लिए जाने की इजाजत देने के फैसले के बाद अभी और भीड़ यहां अटक सकती है।
हालांकि दोपहर 2 बजे के बाद से मौसम यहां पूरी तरह खुला नज़र आया। इधर, यमुनोत्री हाईवे पर किसाला के पास भूस्खलन होने से कोहराम मच गया। दोपहर 12 बजे के बाद से हाईवे एक बार फिर बंद कर दिया गया जिससे हाईवे पर दोनों तरफ हजारों यात्री फंस गए। नेशनल हाईवे के लोक निर्माण विभाग की मशीनें हाइवे खोलने में जुटी हैं।