img

गोंडा में दर्जनों गांव जलमग्न, आरएलडी ने की राहत कार्य तेज करने की मांग

img

प्रभात वैभव डेस्क। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। घाघरा, सरयू और गंगा आदि नदियां उफान पर हैं। अवध क्षेत्र के गोंडा जनपद में स्थिति भयावह है। घाघरा नदी एल्गिन चरसड़ी तटबंध पर खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। घाघरा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जिले के दर्जनों गांवों में चारो तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। लोगों के सामने खाने पीने की दिक्क्तें आनी शुरू हो गयी है। पशुओं के लिए बड़ी मुसीबत है।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ और एक फ्लड यूनिट की टीम तैनात है। जिला प्रशासन द्वारा राशन और राहत किट का वितरण किया जा रहा है। इसके बावजूद लोगों को अपने जान माल की सुरक्षा के लिए जद्दोजहज करनी पड़ रही है। बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए सामाजिक संस्थाएं भी आगे आई हैं। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता भी बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रहे हैं।

राष्ट्रीय लोकदल ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से राहत कार्य तेज करने की मांग की है। आरएलडी के राष्ट्रीय सचिव विजय श्रीवास्तव ने कहा कि गोंडा जिला पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में है। तमाम गांवों में संपर्क मार्ग डूब गए हैं। पशुओं का कोई पुरसाहाल नहीं है। विजय श्रीवास्तव ने प्रदेश सरकार से गोंडा जिले में राहत कार्य के साथ ही किसानों और मजदूरों के कर्जों को माफ़ करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन के कार्यकर्ता भी अपने स्तर से लोगों की मदद कर रहे हैं। 

Related News