img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : मोगा जिले के गांव मानूके गिल में 7 सितंबर को हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआईए स्टाफ मोगा और थाना निहाल सिंह वाला की टीमों ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड अब भी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

एसपी बाल कृष्ण और डीएसपी डी सुखअमृत सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने जसकरणदीप सिंह उर्फ जसकरणा निवासी मानूके के घर के बाहर फायरिंग करने वाले तीनों आरोपितों को पकड़ा।

कैसे हुआ था हमला

एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि 7 सितंबर की रात तीन अज्ञात हमलावर मोटरसाइकिल पर आए और जसकरणदीप सिंह को निशाना बनाने की नीयत से उसके घर के बाहर गोलियां चलाईं। इस घटना के बाद थाना निहाल सिंह वाला में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी

जांच में सामने आया कि फायरिंग करने वाले आरोपित हैं –

जीतवीर सिंह निवासी गांव लताला, हाल निवासी गुज्जरवाला जिला लुधियाना

प्रितपाल सिंह निवासी लुधियाना

रुपिंदर सिंह निवासी लुधियाना

पुलिस ने छापामारी कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि शिकायतकर्ता जसकरणदीप और सुखदीप सिंह के बीच 2023 में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद दोनों के बीच रंजिश बढ़ गई। इसी दुश्मनी के चलते सुखदीप ने अपने साथियों को वारदात के लिए उकसाया।

मास्टरमाइंड और उसकी मां की भूमिका

पूछताछ में सामने आया कि घटना से पहले आरोपित सुखदीप सिंह के घर धूड़कोट गए थे। वहां उसकी मां सरबजीत कौर ने जसकरणदीप के घर की जानकारी दी और हमले के लिए उकसाया। पुलिस ने सरबजीत कौर को भी नामजद करके गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, मास्टरमाइंड सुखदीप सिंह अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार रेड कर रही है।