img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की ओर से खेलने वाले तेज गेंदबाज यश दयाल सुर्खियों में हैं। गाजियाबाद की एक लड़की ने यश दयाल पर मानसिक और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। अब यश दयाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने क्रिकेटर यश दयाल पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। आरोप के मुताबिक यश दयाल ने शादी का वादा करके युवती का आर्थिक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया है। यश दयाल के खिलाफ आईपीसी की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि आरसीबी के स्टार तेज गेंदबाज यश दयाल के खिलाफ एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने उन पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री योगी के कार्यालय में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस मामले में यश दयाल से जवाब मांगा गया था। हालांकि अब उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह पिछले 5 सालों से यश दयाल के साथ रिलेशनशिप में है। शिकायत में कहा गया है कि यश दयाल उसे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि यश दयाल उसके अलावा कई अन्य लड़कियों के साथ रिलेशनशिप में है। पुलिस ने अब मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़ित युवती ने पुलिस को यश दयाल के साथ अपने संबंधों के वॉट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट, वीडियो कॉल और फोटो के सबूत दिए हैं। पीड़िता ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। यश दयाल के पिता का कहना है कि वह लड़की को नहीं जानते। यह समझ से परे है कि इस लड़की ने ये आरोप क्यों लगाए हैं। यश दयाल ने लड़की के सभी आरोपों को झूठा बताया था।

युवती ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया के जरिए उसकी यश दयाल से मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गए। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान यश ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के दौरान यश ने उसके परिवार की आर्थिक मदद भी की। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दोनों पिछले 5 साल से रिलेशनशिप में थे।