img

Prabhat Vaibhav,Digital Desk : उत्तराखंड में इस समय मौसम का मिजाज अलग-अलग रूप दिखा रहा है। पहाड़ी इलाकों से लेकर देहरादून तक दिन में खिली धूप ने ठंड से कुछ राहत दी है, लेकिन मैदानी जिलों में कोहरा और सर्दी लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।

राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है। मंगलवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्की धुंध और कोहरा नजर आया, लेकिन जैसे ही धूप निकली, तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई। दून का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब साढ़े पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। यही हाल कई पर्वतीय क्षेत्रों का भी रहा, जहां दिन का तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री तक ऊपर पहुंच गया।

हालांकि, ऊधमसिंह नगर और आसपास के तराई क्षेत्रों में स्थिति इसके उलट रही। यहां घना कोहरा छाया रहा, जिससे दिनभर ठंड का असर बना रहा और शीत दिवस जैसी स्थिति देखने को मिली। ऊधमसिंह नगर में अधिकतम तापमान सामान्य से साढ़े सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, मैदानी इलाकों में कोहरे से राहत मिलने के आसार कम हैं। खास तौर पर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में भी कुछ इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है।

कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ रहा है। मंगलवार को विभिन्न राज्यों से देहरादून आने वाली छह उड़ानें समय पर नहीं पहुंच सकीं, जिससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

देहरादून: अधिकतम 25.9 | न्यूनतम 8.4

ऊधमसिंह नगर: अधिकतम 13.7 | न्यूनतम 7.2

मुक्तेश्वर: अधिकतम 19.4 | न्यूनतम 6.4

नई टिहरी: अधिकतम 19.6 | न्यूनतम 7.0